00 पाली में मानवता शर्मसार: 7 साल के बच्चे से कुकर्म की कोशिश में नाकाम रहने पर पत्थर से उतारा मौत के घाट; आरोपी गिरफ्तार
TTN डेस्क
कोरबा/पाली।
जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक ऐसा जघन्य और घृणित मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। ग्राम गणेशपुर में एक 19 वर्षीय ‘नरपिशाच’ ने अपने ही पड़ोसी के 7 वर्षीय मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की और असफल होने पर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। नशा और मानसिक विकृति के मेल ने एक हंसते-खेलते मासूम ‘आयान’ की जान ले ली।
0 दोस्ती और भरोसे का कत्ल
घटना 2 अप्रैल की है जब मासूम आयान अपने दोस्तों के साथ तालाब गया था। मासूम को क्या पता था कि जिस पड़ोसी युवक रंजीत कुमार को वह जानता है, वही काल बनकर सामने खड़ा है। नशे में धुत आरोपी ने बच्चे को अकेला पाकर बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया। वहाँ आरोपी ने मासूम के साथ यौन शोषण का घृणित प्रयास किया।
0 चीख दबाने के लिए पत्थर से कुचला सिर
जब डरे हुए मासूम ने शोर मचाया, तो पकड़े जाने के खौफ में आरोपी ने अपनी पूरी क्रूरता दिखा दी। उसने पास पड़े भारी पत्थर से बच्चे के सिर पर एक के बाद एक 4 वार किए। प्रहार इतने भीषण थे कि बच्चे का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। अपराधी ने इसके बाद भी निर्दयता की हदें पार करते हुए शव को पड़ोसी गांव करतली के एक 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया ताकि पाप का सबूत मिट सके।
0 पुलिसिया सख्ती के आगे टूटा हत्यारा
बच्चे के गायब होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने जब संदेह के आधार पर रंजीत को घेरा, तो वह ज्यादा देर झूठ नहीं टिक सका। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल किया, जिसके बाद 4 अप्रैल को कुएं से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
0 फास्ट ट्रैक कोर्ट और फांसी की मांग
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से पूरे कोरबा जिले में भारी जनआक्रोश है। ग्रामीणों और प्रबुद्ध जनों ने मांग की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और इस जघन्य अपराधी को ‘फांसी’ से कम कोई सजा न मिले, ताकि समाज में ऐसे विकृत मानसिकता वाले लोगों के मन में कानून का खौफ पैदा हो सके।





