00 मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली के पास आदोशी सुरंग के निकट आज शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
TTN Desk
प्रारंभिक सूचना के मुताबिक यह हादसा एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी, जिसके बाद यह कई अन्य वाहनों से टकराता चला गया। पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह भयावह दुर्घटना हुई।
0 अनेक वाहन हुए क्षतिग्रस्त
इस हादसे में लगभग 15 से 20 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें कारें, बसें और अन्य भारी वाहन शामिल थे। दुर्घटनास्थल पर वाहनों का मलबा फैल गया, जिससे सड़क अवरुद्ध हो गई।
0 एक महिला की मौत,घायलों में बच्चे भी शामिल
हादसे में एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और पुलिस परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया में है।हादसे में 18 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
0 घायल नवी मुंबई और खापोली के अस्पताल में भर्ती
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। अधिकांश घायलों को नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल और खोपोली के नगर निगम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए मुंबई के बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
0 यातायात बुरी तरह से प्रभावित,बचाव और राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही खोपोली पुलिस, हाईवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की। कई एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पतालों में भेजा गया।
क्षतिग्रस्त वाहनों और सड़क पर फैले मलबे को हटाने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनों का उपयोग किया गया। इस प्रक्रिया में कई घंटे लगे, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।