कोरबा: पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष श्री बनवारी लाल अग्रवाल का 78 वर्ष की आयु में लंबी अस्वस्थता के बाद बुधवार रात लगभग 10:30 बजे उनके निवास स्थान पर निधन हो गया। वे अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य तक ‘बनवारी भैया’ के नाम से आम अवाम में लोकप्रिय थे और वरिष्ठ भाजपा नेता थे।
गुरुवार, 16 अक्टूबर 2026 को कोरबा के मोतीसागर पारा स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वे उनके निवास स्थान जाकर श्रद्धांजलि अर्पित किए, शोकाकुल परिजनों से मिले और अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर मुक्तिधाम में उन्हें अंतिम विदाई दी। मंत्री श्री जायसवाल ने स्वर्गीय अग्रवाल को गरीबों और आम जनता की आवाज को बुलंद करने वाला बताया और उनके द्वारा साडा (विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण) कोरबा के अध्यक्ष के रूप में शहर के विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया।
अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, कोरबा एसडीएम श्री सरोज महिलांगे, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नगरवासी तथा शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने सजल नैनों से उन्हें अंतिम विदाई दी और उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को प्रदेश और कोरबा जिले की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।