देखिए वीडीओ…कोरबा: HIV/AIDS के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ‘प्रचार रथ’ रवाना, CMHO ने दिखाई हरी झंडी

TTN डेस्क

कोरबा। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘इंटेन्सीफाइड आईईसी कैंपेन’ के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार रथ और कला जत्था टीम को रवाना किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।

0 ग्रामीण क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी विकासखंडों के चिन्हांकित ग्रामों में जाकर लोगों को HIV/AIDS के खतरों के प्रति सचेत करना है। विभाग का विशेष जोर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर है। सीएमएचओ डॉ. केशरी ने बताया कि सभी गर्भवती महिलाओं को उनकी पहली तिमाही के भीतर ही HIV टेस्ट कराने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि होने वाले शिशु को संक्रमण से बचाया जा सके।

0 टोल फ्री नंबर 1097 की मिलेगी जानकारी

प्रचार रथ के माध्यम से आम नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि वे किसी भी समय HIV से संबंधित जानकारी के लिए भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 1097 पर कॉल कर सकते हैं। कला जत्था की टीम नुक्कड़ नाटकों और गीतों के माध्यम से मनोरंजक तरीके से गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करेगी।

यह पूरा कार्यक्रम जिला एड्स नियंत्रण समिति के नोडल अधिकारी डॉ. रविकांत सिंह राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर डीपीएम पद्माकर शिंदे, डीएचओ डॉ. सी.के. सिंह, डॉ. पुष्पेश, डॉ. आर. रात्रे सहित जिला एड्स नियंत्रण समिति के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इन टीमों का सहयोग करें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।