छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने जन अदालत लगा दो ग्रामीणों को फांसी पर लटका दिया,पुलिस मुखबिरी का लगाया आरोप

OO छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने दो लोगों को फांसी पर लटका दिया। नक्सलियों को शक था कि दोनों लोग पुलिस के मुखबिर थे। फिलहाल मौके पर पुलिस के जवान पहुंच गए हैं। वहीं, कांकेर जिले में चार नक्सलियों ने माओवादी विचारधारा से परेशान होकर नक्सलवाद छोड़ दिया है।

TTN Desk

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने कथित तौर पर दो ग्रामीणों की फंदे से लटकाकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को हुई इस घटना पर आज यह जानकारी दी। बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है तथा इस संबंध में विस्तृत जानकारी ली जा रही है। सुंदरराज ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने मंगलवार को मिरतुर पुलिस थाना क्षेत्र के जप्पेमरका गांव से एक स्कूली छात्र सहित तीन ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। उन्होंने बताया कि बाद में नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर उनमें से दो को पेड़ पर फांसी से लटका दिया। उन्होंने स्कूली छात्र को छोड़ दिया। मृतकों की पहचान माडवी सुजा और पोडियाम कोसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि माओवादियों की भैरमगढ़ क्षेत्र समिति ने हत्या की जिम्मेदारी ली है और दावा किया है कि दोनों पुलिस मुखबिर के रूप में काम कर रहे थे। सुंदरराज ने बताया कि गुरुवार को घटना की जानकारी मिलने के तत्काल बाद पुलिस दल को मौके पर भेजा गया है। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

O कांकेर में किया नक्सलियों ने सरेंडर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में दो महिला नक्सलियों समेत चार नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चार नक्सलियों सुरजन्ना उर्फ सीताय कोर्राम (28), नरेश उर्फ लक्कु पुनेम (26), सागर उर्फ गंगा दिड़दो (25) और अंजू उर्फ सरिता शोरी (26) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने बताया कि नक्सली सुरजन्ना और नरेश पर पांच-पांच लाख रुपए तथा सागर और अंजू पर एक-एक लाख रुपए का इनाम है।