छत्तीसगढ़ : तेज रफ्तार कार ने तीन को रौंदा, दो की मौत,शव सड़क पर रख चक्का जाम

00 दुर्घटना करने वाली यूपी पासिंग कार पर पुलिस का स्टीकर,पुलिस ने समझाइश दे आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया

TTN Desk

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के रेहुटा गांव में 27 जून 2025 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। कार पर यूपी का नंबर और उसके शीशे पर पुलिस का स्टीकर लगा है।इस हादसे में दो लोगों, कविता हिरवानी और धान बाई साहू , की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धान बाई का पति दुजराम साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पंडरिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।हादसा कवर्धा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर हुआ, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।ग्रामीणों के मुताबिक कार में दो बच्चों सहित छह लोग सवार थे।

0 गुस्साए लोगों ने किया चक्का जाम

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर कवर्धा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने हादसे के लिए जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, और प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।

0 डीएसपी ने मोर्चा सम्हाला

पंडरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।डीएसपी भूपत सिंह ने ग्रामीणों को समझा कर शांत किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।अन्य लोगों की पतासाजी की जा रही है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।