छत्तीसगढ़ : ईवीएम से ही होंगे नगरीय निकाय चुनाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के चुनाव EVM के जरिए ही होंगे। इस बाबत निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि, पहले सरकार की ओर से कहा गया था कि, EVM की व्यवस्था में समय लग सकता है, इसलिए नगरीय निकाय चुनाव बैलट पेपर से हो सकते हैं। लेकिन फिर निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव EVM से ही कराने का निर्णय ले लिया है। इसके बारे में कई दिनों से कयासबाजियों को दौर जारी था।

O पिछला चुनाव हुआ था बैलेट पेपर से

राज्य में पिछला नगरीय निकाय चुनाव साल 2019 में बैलेट पेपर से हुआ था, जबकि उससे पहले 2014 में EVM से ही चुनाव कराए गए थे। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में बैलेट पेपर की व्यवस्था लागू की गई थी। ऐसे में EVM वाले प्रावधान वापस जोड़े गए हैं। साथ ही चुनाव किस तरह होंगे इसी गाइडलाइन भी अधिसूचना में शामिल है।

O आरक्षण की अधिसूचना भी प्रकाशित

इसके अलावा नगर निगम महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्षों की में आरक्षण की अधिसूचना का भी प्रकाशन किया गया है।

O 18 जनवरी के बाद कभी भी चुनाव का ऐलान

छत्तीसगढ़ में 18 जनवरी के बाद कभी भी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव के लिए मतदान की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। दरअसल अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 18 जनवरी को होगा। इससे पहले 15 जनवरी को तारीख तय की गई थी लेकिन इसे 3 दिन आगे बढ़ाया गया।

O नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तारीख होगी अलग अलग

अब अधिसूचना के प्रकाशन के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने EVM से चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में निकाय और पंचायत चुनाव की घोषणा एक साथ की जाएगी, लेकिन मतदान अलग-अलग कराए जाएंगे। त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव मतपत्र के जरिए ही होंगे।