छत्तीसगढ़ : अब भिलाई में मिला गौ मांस,बजरंग दल का विरोध, इधर डर से एक युवक ने दे दी जान

TTN Desk

मिडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना सुपेला थाना क्षेत्र के फरीद नगर में हड्डी गोदाम के नजदीक की है। यहां तीन अलग-अलग घरों में गौमांस मिलने की पुष्टि हुई है। रविवार दोपहर को बजरंग दल के सदस्यों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद वे बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। उनका आरोप है कि शिव मंदिर के पास गौमांस काटा और बेचा जा रहा था।

O ग्राहक बनकर पहुंचे बजरंग दल के सदस्य

बजरंग दल के सदस्यों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद वे ग्राहक बनकर फरीद नगर पहुंचे। वहां उन्होंने खुद गौमांस खरीदा और मामले की पुष्टि की। इसके बाद उन्होंने इसका विरोध शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की।

O क्या है आत्महत्या का मामला

फरीद नगर निवासी संतोषी सोनी ने बताया कि उनके जेठ का बेटा लोकेश सोनी (22) गौमांस लेकर आया था। वह खुद गौमांस खाता था और इसे घर लाया था। बजरंग दल के विरोध से घबराकर लोकेश ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर जान दे दी।

O बजरंग दल का पक्ष

विरोध करने पहुंचे बजरंग दल के सदस्यों ने कहा कि उन्हें लंबे समय से यहां गौमांस बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने इसकी जांच की और सच्चाई सामने आने पर इसका विरोध किया। उन्होंने इस संबंध में सुपेला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।