गुजरात : मनरेगा में बिना काम डकार गए 71 करोड़, कैबिनेट मंत्री का दूसरा बेटा भी गिरफ्तार

OO गुजरात के कैबिनेट मंत्री बच्चूभाई खाबड़ के दोनों बेटों को मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घोटाला लगभग ₹71 करोड़ का बताया जा रहा है।

TTN Desk

आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में मनरेगा से जुड़ा ये घोटाला है।पहले उनके बड़े बेटे बलवंत खाबड़ को 17 मई, 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उसके दो दिन बाद, 19 मई, 2025 को उनके छोटे बेटे किरण खाबड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पर आरोप है कि वे उन एजेंसियों के मालिक हैं जो दाहोद जिले के आदिवासी बहुल देवगढ़ बारिया और धनपुर तालुकों में मनरेगा परियोजनाओं में धोखाधड़ी में शामिल थीं।

O तीन साल में घपला

पुलिस के अनुसार, इन एजेंसियों ने 2021 और 2024 के बीच बिना काम पूरा किए या आवश्यक सामग्री की आपूर्ति किए बिना सरकारी भुगतान प्राप्त किया। इस मामले में कुल 11 से 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें तत्कालीन तालुका विकास अधिकारी (TDO) और सहायक प्रोग्रामिंग अधिकारी (APO) भी शामिल हैं।

O कागजों पर ही काम,गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

यह घोटाला जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (DRDA) द्वारा क्षेत्र निरीक्षण के दौरान उजागर हुआ था, जिसमें पाया गया कि सड़कें, चेक वॉल और पत्थर के बांध जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं केवल कागजों पर मौजूद थीं, जबकि उनका निर्माण नहीं किया गया था। पुलिस ने धोखाधड़ी, विश्वासघात, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया है।

O मंत्री,सरकार,बीजेपी की चुप्पी

मंत्री बच्चूभाई खाबड़ ने अपने बेटों की गिरफ्तारी पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।वहीं सरकार या बीजेपी की और से भी अब तक चुप्पी है।विपक्षी पार्टियों के नेता सरकार को घेर कर जवाब मांग रहे है।उनका आरोप है कि इस मामले ने बता दिया है कि सरकार में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार है।