Home देश खूनी सनक:बैंक मैनेजर की हत्या, गार्ड ने छुट्टी न मिलने पर सीने...

खूनी सनक:बैंक मैनेजर की हत्या, गार्ड ने छुट्टी न मिलने पर सीने में उतारी गोली

00 बिहार के रहने वाले थे 34 वर्षीय मैनेजर अभिषेक शर्मा; वारदात के बाद भाग रहे आरोपी गार्ड और साथी गिरफ्तार

TTN डेस्क

गाजियाबाद/नई दिल्ली | उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सोमवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लोनी रोड स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक शर्मा (34 वर्ष) की बैंक के ही सुरक्षा गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की वजह महज ‘छुट्टी’ को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। वारदात के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

0 छुट्टी मांगने पहुंचा था गार्ड, विवाद बढ़ा तो चला दी गोली

जानकारी के अनुसार, बैंक का सुरक्षा गार्ड रवींद्र पिछले कई दिनों से छुट्टी की मांग कर रहा था। सोमवार दोपहर वह फिर से मैनेजर अभिषेक के केबिन में पहुंचा। छुट्टी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खोए गार्ड ने अपनी सरकारी बंदूक से अभिषेक के सीने पर सीधी गोली दाग दी। गोली लगते ही अभिषेक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

0 बाइक से अस्पताल ले गए सहकर्मी, रास्ते में तोड़ा दम

फायरिंग की आवाज सुनकर बैंक स्टाफ और ग्राहक सन्न रह गए। इसी बीच फायदा उठाकर आरोपी गार्ड अपने एक अन्य साथी के साथ मौके से फरार हो गया। बैंक कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल अभिषेक को तुरंत बाइक पर बिठाकर दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव इतना गहरा था कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

0 CCTV में कैद हुई भागने की तस्वीरें

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वारदात के ठीक बाद गार्ड अपने साथी के साथ गेट से बाहर भागता दिख रहा है। उसके कुछ ही मिनटों बाद बैंक कर्मी मैनेजर को उठाकर बाहर लाते नजर आ रहे हैं। गाजियाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी गार्ड रवींद्र (फोटो में पीली टी शर्ट वाला) सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

0 घर में मचा कोहराम, पत्नी थी बिहार में

मृतक अभिषेक शर्मा मूल रूप से बिहार के पटना (लखीपुर) के रहने वाले थे। वे अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। हालांकि, वर्तमान में उनकी पत्नी बिहार गई हुई थीं। बैंक प्रबंधन ने परिवार को सूचना दे दी है, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर शाम तक परिवार के गाजियाबाद पहुँचने की संभावना है।