Home कोरबा कोरबा : वरिष्ठ बीजेपी नेता के साहबजादे का हाई वोल्टेज ड्रामा: नशे...

कोरबा : वरिष्ठ बीजेपी नेता के साहबजादे का हाई वोल्टेज ड्रामा: नशे में दुकान में घुसाई गाड़ी, थाने में दी चुनौती

00 पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने इतवारी बाजार में मचाया उत्पात; आरक्षक के परिजनों से विवाद कर थाने से ही हुआ फरार

TTN डेस्क

कोरबा | सत्ता और रसूख का नशा जब सिर चढ़कर बोलता है, तो कानून भी बौना नजर आने लगता है। ऐसा ही कुछ नजारा ऊर्जाधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इतवारी बाजार में देखने को मिला। पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने न केवल नशे की हालत में अपनी गाड़ी से एक दुकान को तहस-नहस कर दिया, बल्कि खाकी की मौजूदगी में थाने के भीतर भी जमकर धौंस जमाई।

0 दुकान में घुसी ‘पूर्व विधायक’ लिखी गाड़ी, फिर शुरू हुआ तांडव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप कंवर अपनी उस गाड़ी को चला रहा था जिस पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा हुआ है। नशे में धुत आरोपी ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे एक दुकान में जा घुसी। जब पीड़ित पक्ष ने नुकसान का विरोध किया, तो आरोपी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। दुकानदार के साथ जमकर गाली-गलौज की गई और मारपीट पर उतारू हो गया। विडंबना देखिए कि पीड़ित की बेटी खुद पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है, फिर भी रसूखदार के आगे वह परिवार बेबस नजर आया।

0 थाने में रसूख की धौंस: “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा”

हंगामा यहीं नहीं रुका। जब पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने लाई, तो वहां उसने ‘साहबजादे’ वाला तेवर दिखाना शुरू कर दिया। थाने के भीतर संदीप ने पुलिसकर्मियों और पीड़ितों के सामने चिल्लाते हुए अपने पिता के पद की धौंस दिखाई। उसने सरेआम पुलिस को चुनौती देते हुए कहा, “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”

0 पुलिस देखती रही और ‘VIP’ आरोपी थाने से फरार

हद तो तब हो गई जब रसूख के आगे कानून के हाथ बंधे नजर आए। पुलिस की मौजूदगी में आरोपी गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से ही रफूचक्कर हो गया। पुलिस मूकदर्शक बनी रही और एक रसूखदार को रोकने की जहमत तक नहीं उठाई गई। इस घटना ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

0 सीएसपी का बयान: जांच के बाद होगी कार्रवाई

पूरे घटनाक्रम और थाने से फरार होने के मामले पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। कार चालक द्वारा लापरवाही से वाहन चलाने, दुकान में टक्कर मारने और मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।