Home Breaking News कोरबा में हाथियों का तांडव: धान की रखवाली कर रहे मंडी प्रभारी...

कोरबा में हाथियों का तांडव: धान की रखवाली कर रहे मंडी प्रभारी को दंतैल ने कुचला, मौत


00 कुदमुरा उपार्जन केंद्र में मची भगदड़; पत्नी और अन्य कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, क्षेत्र में दहशत

TTN डेस्क

कोरबा/कुदमुरा | वनांचल क्षेत्र कुदमुरा में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात एक दंतैल हाथी ने धान उपार्जन केंद्र में धावा बोलकर ड्यूटी पर तैनात मंडी प्रभारी को मौत के घाट उतार दिया। इस हृदयविदारक घटना के दौरान केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जहाँ मृतक की पत्नी और अन्य कर्मचारियों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई।

0 होली की रात धान की सुरक्षा बनी काल

मिली जानकारी के अनुसार, आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा के अंतर्गत कुदमुरा उपार्जन केंद्र में बड़ी मात्रा में धान का उठाव लंबित है। धान की चोरी रोकने और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के लिए समिति के सेल्समैन व मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह (निवासी प्रेमनगर, रजगामार) अपनी पत्नी और 2-3 अन्य कर्मचारियों के साथ केंद्र में ही अस्थाई झोपड़ी बनाकर रुक रहे थे।

0 टॉर्च की रोशनी भी नहीं आई काम

रात करीब 2 बजे एक दंतैल हाथी ने उपार्जन केंद्र में दस्तक दी। आहट पाकर राजेश और उनके साथियों ने टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान हाथी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए राजेश कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। हाथी के हमले में राजेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर राजेश की पत्नी और अन्य कर्मचारियों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई।

0 वन विभाग की सुस्ती पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वन अमला भी मौके पर पहुंचकर औपचारिक कार्रवाई में जुट गया है। स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी प्रभावित इलाका होने के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण एक होनहार कर्मचारी को अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।