कोरबा में सजेगा बागेश्वर सरकार का दिव्य दरबार; सफाई कर्मी करेंगे प्रथम आरती

00 अद्भुत पहल: 28 मार्च से श्री हनुमंत कथा का शंखनाद, 21 हजार माताएं निकालेंगी भव्य कलश यात्रा

TTN डेस्क

कोरबा। ऊर्जा नगरी कोरबा की पावन धरा जल्द ही भक्ति और अध्यात्म के अनूठे रंग में रंगने वाली है। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक और श्री हनुमान जी के अनन्य भक्त पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) के सान्निध्य में भव्य ‘श्री हनुमंत कथा’ का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि इसके आयोजक स्वयं श्री बजरंग बली को माना गया है और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करते हुए कथा के प्रथम दिन की प्रथम आरती शहर के सफाई कर्मियों द्वारा संपन्न कराई जाएगी।

बुधवार को जश्न रिसॉर्ट में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस विराट आयोजन की रूपरेखा साझा की गई।

0 5 दिवसीय आध्यात्मिक महाकुंभ का पूरा शेड्यूल

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, आयोजन का मुख्य कार्यक्रम 28 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेगा।
* 27 मार्च: कथा के शुभारंभ से पूर्व 21 हजार माताओं-बहनों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
* 28 मार्च – 1 अप्रैल: दिव्य श्री हनुमंत कथा और हनुमान जी का दिव्य दरबार।
* प्रसाद सेवा: श्रद्धालुओं के लिए ‘भारत मां की रसोई’ निरंतर संचालित रहेगी, जिसकी जिम्मेदारी समाजसेवी प्रेम मदान संभालेंगे।

0 समरसता और राष्ट्रभाव का संदेश

बैठक को संबोधित करते हुए आरएसएस के संभागीय सर संघचालक जुड़ावन सिंह ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन समाज को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने “राम से बड़ा राम का नाम” का उद्घोष करते हुए कहा कि श्री हनुमंत कथा का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रभाव और सनातन संस्कृति को सुदृढ़ करना है। वहीं, आयोजन के समन्वयक राणा मुखर्जी ने भावुक होते हुए कहा कि जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े सफाई कर्मी मुख्य यजमान बनेंगे, तभी सेवा का वास्तविक आदर्श स्थापित होगा।

0 जनसहभागिता से बनेगा ऐतिहासिक आयोजन

नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने बताया कि आयोजन का अनुमानित बजट लगभग 2.80 करोड़ रुपये है। उन्होंने एक अनूठी अपील करते हुए कहा कि यदि कोरबा के एक लाख श्रद्धालु मात्र 280 रुपये का अंशदान दें, तो यह आयोजन जन-जन का अपना कार्यक्रम बन जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार किशोर शर्मा ने पारदर्शिता के लिए डिजिटल माध्यम और क्यूआर कोड के उपयोग का सुझाव दिया।

0 इन्हें मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

आयोजन को भव्य बनाने के लिए टीम गठित की गई है:
* संयोजक: अमरजीत सिंह
* सचिव: डॉ. पवन सिंह
* कोर टीम: ऋषभ केशरवानी, तपिश, रवि गिडवानी, नवल गुप्ता और ऋषभ शुक्ला।
* महिला मोर्चा: पूर्व पार्षद वैशाली रत्नपारखी महिलाओं की व्यवस्था संभालेंगी।
इस बैठक में श्रीकांत बुधिया, सुबोध सिंह, शिव कश्यप, गौरव मोदी, ऋतु चौरसिया,मनोज मिश्रा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि यह आयोजन कोरबा के इतिहास में सेवा और भक्ति का सबसे बड़ा उदाहरण बनेगा।