कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पाली के निकट बुड बुड कोयला खदान से कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगे दो गुटों के बीच वर्चस्व स्थापित करने को ले कर भिड़ंत हो गई। जिसमें ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल की मौत होने की खबर है।वहीं कुछ घायलों को पाली अस्पताल लाने की सूचना है।मामला कोल ट्रांसपोर्ट की व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता का बताया जा रहा है।दोनों ही पक्षों के युवकों के बीच शुक्रवार दोपहर भी विवाद हुआ था।देर शाम ये खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी में घायल रोहित की मौत की खबर मिलते ही पाली में लोग इकठ्ठा हो गए।देर रात स्थिति तनावपूर्ण होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान पर दबदबे को लेकर दो गुटों के बीच विवाद चल रहा था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान हमलावरों ने ट्रांसपोर्टर रोहित जायसवाल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद पाली शहर में आक्रोश फैल गया है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को पहले से इस विवाद की जानकारी थी, लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। मामले की गंभीरता को इस बात से ही समझा जा सकता है कि एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी कोरबा,कटघोरा,दर्री से रवाना हुए है।वहीं अतिरिक्त पुलिस बल भी पाली बुलाया गया है।