
00 होली खेलने निकला था 18 वर्षीय मनीष, घुटने के बल फंदे पर लटकी मिली लाश; परिजनों ने जताई साजिश की शंका
TTN डेस्क
कोरबा/कुसमुंडा: औद्योगिक क्षेत्र कुसमुंडा में होली के उत्साह के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के सुराकछार और आनंद नगर के बीच स्थित खोलार नदी के किनारे आज सुबह एक 18 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका पाया गया। मृतक की पहचान मनीष कंवर (पिता धुल सिंह कंवर) के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष बुधवार दोपहर को होली खेलने के लिए घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ ही दूरी पर खोलार नदी के किनारे लगे बांस के झुरमुट में उसका शव मिला।
0 संदिग्ध स्थिति में मिला शव
घटनास्थल पर युवक का शव एक गमछे के फंदे के सहारे बांस के पेड़ से लटका हुआ था, लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके पैर घुटनों के बल जमीन को छू रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका मानना है कि युवक की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
0 फोरेंसिक और पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता और परिजनों के संदेह को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


