Home कोरबा कोरबा का ‘विकास पथ’ बजट: कौशल्या धाम से लेकर ट्रीटमेंट प्लांट...

कोरबा का ‘विकास पथ’ बजट: कौशल्या धाम से लेकर ट्रीटमेंट प्लांट तक, सुविधाओं की बौछार

00 महापौर संजू देवी ने पेश किया 915 करोड़ का बजट; 11 बड़े नालों का पानी होगा शुद्ध, ‘पाती योजना’ से सीधे हल होंगी जनता की समस्याएं

TTN डेस्क

कोरबा | 26 मार्च 2026 नगर पालिक निगम कोरबा की सामान्य सभा में बुधवार को शहर के भविष्य का खाका पेश किया गया। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 915 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। 38 मिनट के अपने बजट भाषण में महापौर ने इसे ‘सर्वसमावेशी’ बताते हुए कहा कि यह झोपड़पट्टी से लेकर मोहल्लों तक, हर वर्ग की उम्मीदों को पूरा करने वाला बजट है। हालांकि, यह पिछले वर्ष के 920 करोड़ के बजट से 5 करोड़ रुपये कम है, लेकिन इसमें नवाचार और आय के नए स्रोतों पर विशेष जोर दिया गया है।निगम के प्रशासनिक भवन साकेत में स्थापित श्री गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष महापौर ने पहले विधिवत पूजन किया फिर वो सभाभवन बजट पेश करने गई।

0 धार्मिक पर्यटन और पर्यावरण पर बड़ा दांव

जन सामान्य के लिए बजट की सबसे बड़ी घोषणा जोगियाडेरा बस्ती को “कौशल्या धाम” के रूप में विकसित करना है। इसे एक प्रमुख तीर्थ स्थल बनाया जाएगा, जहाँ भव्य मंदिर के साथ पर्यटकों के लिए पार्किंग, घाट और सौंदर्यीकरण के कार्य होंगे। वहीं, शहर के 11 बड़े नालों के प्रदूषण को रोकने के लिए 33 MLD क्षमता का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। खास बात यह है कि इस शुद्ध किए गए पानी को एनटीपीसी को बेचा जाएगा, जिससे निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

0 ‘पाती योजना’ और महिलाओं के लिए एसी प्रसाधन

जनता से सीधा जुड़ाव बनाने के लिए महापौर ने “पाती योजना” शुरू करने का एलान किया है। इसके तहत वार्डों में लेटर बॉक्स लगाए जाएंगे, जिनमें नागरिक अपनी समस्याएं लिखकर डाल सकेंगे और महापौर कार्यालय सीधे उनका निपटारा करेगा। गर्मी से राहत के लिए प्रमुख चौकों पर छाया शेड और निगम के सभी 7 जोनों में वातानुकूलित (AC) महिला प्रसाधन केंद्र बनाए जाएंगे।

0 ये है अन्य प्रमुख घोषणाएं

* बरबसपुर में बायोगैस संयंत्र की स्थापना।
* आईटीआई से बालको मार्ग बनेगा “जनजातीय गौरव पथ”।
* स्लम बस्तियों में मच्छरों से मुक्ति के लिए ई-रिक्शा माउंटेड फॉगिंग मशीन।
* यातायात सुधार के लिए सोनालिया पुल का निर्माण।
* शहर के उपेक्षित कोनों को “क्रिएटिव कॉर्नर” के रूप में नई पहचान।

0 विपक्ष का प्रहार: “सिर्फ घोषणाओं का पुलिंदा”

बजट पर चर्चा के दौरान सदन में तीखी बहस भी देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने इसे ‘कॉपी-पेस्ट’ बजट करार देते हुए कहा कि पुरानी घोषणाएं आज भी अधूरी हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ छलावा बताया। वहीं, ध्यानाकर्षण काल के दौरान ढोढ़ीपारा नहर के लोहे के पुल की चोरी का मुद्दा भी गरमाया, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर नोकझोंक हुई।

0 11 प्रस्ताव पास, बुधवारी बाजार पर सस्पेंस

सभा में रखे गए कुल 12 प्रस्तावों में से 11 को मंजूरी मिल गई, लेकिन बुधवारी बाजार के पुनर्विकास से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव को फिलहाल होल्ड पर रख दिया गया है। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही और जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी।