TTN डेस्क
कोरबा। पं. रविशंकर शुक्ल नगर स्थित श्री कपिलेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में जन-कल्याण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कपिलेश्वर नाथ महिला मंडल सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 02 फरवरी से 10 फरवरी 2026 तक संपन्न होगा।
0 अयोध्या के संत करेंगे कथा रसपान
इस नौ दिवसीय आयोजन में अयोध्या से पधारे सुप्रसिद्ध संत पं. श्री हनुमान दास जी महाराज द्वारा शिव महापुराण की महिमा का बखान किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक संस्कारों का बीजारोपण और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है।
0 कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत 02 फरवरी को प्रातः 11 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा कपिलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर साडा शिव मंदिर पहुंचेगी, जहाँ से जल भरकर पुनः कथा स्थल तक आएगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा:
* 02 फरवरी: भव्य कलश यात्रा (प्रातः 11 बजे)।
* 03 से 09 फरवरी: प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से वेदी मंडप पूजन एवं यज्ञाहुति, तत्पश्चात दोपहर 3 बजे तक कथा प्रवचन।
* 10 फरवरी: पूर्णाहुति, सहस्रधारा और महाप्रसाद (भंडारा) दोपहर 1 बजे से।
0 श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
आयोजन समिति की संरक्षिका श्रीमती सुधा झा ने कोरबा के समस्त धर्मप्रेमी जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर महादेव की आराधना के इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं और आयोजन को सफल बनाएं।


