

TTN डेस्क
कोरबा/पाली | पाली थाना अंतर्गत ग्राम नूनेरा के पास बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा हुआ है। कोयले से लदे एक बेलगाम ट्रेलर ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए सामने से आ रहे बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवकों को रौंदने के बाद भारी-भरकम ट्रेलर अनियंत्रित होकर उन्हीं के ऊपर पलट गया, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
0 संभलने का मौका तक नहीं मिला, पल भर में बिछ गईं लाशें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार तीनों युवक सड़क किनारे अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सीधे बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों को संभलने या भागने का एक पल भी मौका नहीं मिला। ट्रेलर युवकों को कुचलते हुए सड़क किनारे जा पलटा, जिससे तीनों युवक कोयले और वाहन के नीचे दब गए।
0 जेसीबी से घंटों मशक्कत, ट्रेलर के नीचे दबे रहे क्षत-विक्षत शव
चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मंजर इतना खौफनाक था कि ट्रेलर के नीचे दबे शवों को निकालना नामुमकिन था। सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और राहत कार्य शुरू किया। अंततः प्रशासन को जेसीबी बुलानी पड़ी। घंटों की कड़ी मशक्कत और ट्रेलर को सीधा करने के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। दुर्घटना में युवकों के शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे।
0 मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पूरे नूनेरा और पाली क्षेत्र में भारी तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस फिलहाल मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके। शुरुआती जांच में दुर्घटना का एकमात्र कारण ट्रेलर चालक की अत्यधिक रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
0 ट्रेलर जब्त, फरार चालक की सरगर्मी से तलाश
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेलर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पाली पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


