अलविदा : पद्मश्री हास्य कवि सुरेंद्र दुबे का निधन


रायपुर, छत्तीसगढ़: भारत के जाने-माने हास्य कवि और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. सुरेंद्र दुबे का आज, 26 जून 2025 को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे डॉ. दुबे का रायपुर के एसीआई अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहाँ हृदय गति रुकने से उन्होंने अंतिम सांस ली।
छत्तीसगढ़ के गौरव डॉ. सुरेंद्र दुबे अपनी अनूठी हास्य कविताओं के लिए देश-विदेश में लोकप्रिय थे। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से समाज की विसंगतियों पर व्यंग्य किया और श्रोताओं को खूब हँसाया। उनकी कविताएँ जितनी गुदगुदाती थीं, उतनी ही विचारणीय भी होती थीं।
डॉ. दुबे को भारतीय साहित्य और हास्य काव्य में उनके अमूल्य योगदान के लिए वर्ष 2010 में भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
उनके निधन से साहित्य जगत और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। वे हमेशा अपनी कविताओं और अपनी सहज मुस्कान के लिए याद किए जाएंगे।

0 छत्तीसगढ़ी भाषा व संस्कृति का वैश्विक राजदूत चला गया : कुमार विश्वास

कवि कुमार विश्वास ने X पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि छत्तीसगढ़ी भाषा व संस्कृति के वैश्विक राजदूत, मुझे सदैव अनुजवत स्नेह देने वाले, बेहद ज़िंदादिल मनुष्य, कविश्रेष्ठ पद्मश्री डॉ सुरेंद्र दुबे जी का निधन सम्पूर्ण साहित्य-जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरे हृदय के रायपुर का एक हिस्सा, आपकी अनुपस्थिति को सदैव अनुभव करेगा भैया। प्रिय @ashutoshdubeyji व पूरे परिवार को ईश्वर इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करे 🙏 🕉️ शांति 🕉️