अच्छी खबर : रूस यूक्रेन के बीच एक हजार युद्ध बंदियों की अदला बदली पर सहमति

TTN Desk

रूस और यूक्रेन के बीच करीब 3 साल से चल रहे संघर्ष में पहली बार अच्‍छी खबर आई है. रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच तुर्किये के इस्‍तांबुल में दोनों देशों के बीच शांति बैठक हुई. इस दौरान दोनों देशों के बीच 1,000 युद्ध बंदियों की अदला-बदली पर सहमती बनी है.  युद्ध की शुरुआत के बाद से यह सबसे बड़ी अदला-बदली है. यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्‍तम उमरोव ने यह जानकारी दी है. यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से चल रही जंग को खत्म करने के लिए इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच शांति बैठक हुई. दोनों देश काफी लंबे वक्‍त से युद्ध में हैं और हाल के दिनों में दोनों ने ही शांति वार्ता को लेकर सहमति जताई है. 

O पहली बार आमने सामने मुलाकात

रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने तीन साल में पहली बार प्रत्यक्ष शांति वार्ता के लिए इस्तांबुल में मुलाकात की. हालांकि यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रूस पर तुर्किये में शांति वार्ता के दौरान ‘अस्वीकार्य मांगें’ रखने का आरोप लगाया है. तुर्किये और यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूस के साथ शांति वार्ता दो घंटे से भी कम समय में समाप्त हो गई. 

O रूस परिणामों से संतुष्‍ट है: मेडिंंस्‍की

इस्तांबुल में शांति वार्ता के बाद रूस के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की ने वार्ता के बाद शुक्रवार को कहा कि रूस परिणामों से संतुष्ट है और यूक्रेन के साथ बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है.