लिव-इन पार्टनर ने चौराहे पर जिंदा जलाया, महिला की मौत

​00शराब की लत और उत्पीड़न से परेशान होकर महिला हुई थी अलग, आरोपी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग

TTN Desk


​बेंगलुरु। कर्नाटक के बेंगलुरु में लिव-इन पार्टनर को जिंदा जलाकर हत्या करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले कार में सवार अपनी लिव-इन पार्टनर का पीछा किया, फिर एक ट्रैफिक सिग्नल पर उनकी गाड़ी रुकवाकर पेट्रोल छिड़क दिया। घटना शनिवार की है।
​पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय विट्ठल के रूप में हुई है, जो पेशे से कैब ड्राइवर है और शराब पीने का आदी है। मृतका महिला का नाम वनजाक्षी (35) था। दोनों करीब चार साल पहले लिव-इन रिलेशनशिप में आए थे।
​जानकारी के मुताबिक, विट्ठल पहले तीन बार शादी कर चुका था और वनजाक्षी भी लिव-इन में आने से पहले दो बार शादी कर चुकी थी। हाल ही में वनजाक्षी विट्ठल की शराब की लत और बार-बार उत्पीड़न से परेशान होकर उससे अलग हो गई थी। वनजाक्षी की मरिअप्पा नाम के एक अन्य व्यक्ति से भी दोस्ती हो गई थी।

​0 ऐसे दिया वारदात को अंजाम

​घटना वाले दिन वनजाक्षी अपनी कार से मरिअप्पा और ड्राइवर के साथ एक मंदिर से लौट रही थी। विट्ठल उनकी कार का पीछा कर रहा था। एक ट्रैफिक सिग्नल पर, विट्ठल ने गाड़ी रुकवाई और वनजाक्षी, मरिअप्पा और ड्राइवर पर पेट्रोल छिड़क दिया।
​भागने के दौरान वनजाक्षी गिर गई, तो विट्ठल ने उस पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने वनजाक्षी को बचाने की कोशिश की। उसने कपड़े के एक टुकड़े से आग बुझाई और लोगों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया।बचाने की कोशिश करनेवाला खुद भी झुलस गया।
​इलाज के दौरान वनजाक्षी 60% झुलस गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी विट्ठल को गिरफ्तार कर लिया है।