


00 राज्य सलाहकारों ने कटघोरा के विभिन्न ग्रामों का किया दौरा; स्वच्छता सुविधाओं और ट्रीटमेंट प्लांट का लिया जायजा
TTN डेस्क
कटघोरा (कोरबा)। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य सलाहकार श्रीमती मोनिका सिंह ने कहा कि आज महिलाएं महानगरों की भांति गांव-गांव में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण का कार्य कर रही हैं। स्वच्छाग्रहियों की इसी लगन और मेहनत से ग्रामीण अंचलों में स्वच्छता का एक नया वातावरण तैयार हो रहा है। उक्त उद्गार उन्होंने 6 फरवरी को विकासखंड कटघोरा के ग्राम डिंडोलभाठा (छिरहुंट) में महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से चर्चा के दौरान व्यक्त किए।
0 शौचालय के प्रति बढ़ा ग्रामीण जागरूकता का स्तर
निरीक्षण दल में शामिल राज्य सलाहकार डॉ. रुपेश राठौर ने गांव में बने सामुदायिक शौचालय, वर्मी कम्पोस्ट और नाडेप पिट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पुराने समय में रैलियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरूक किया जाता था, लेकिन आज ग्रामीण स्वयं आगे आकर शौचालय निर्माण कर रहे हैं। साथ ही, पेयजल स्रोतों के पास गंदे पानी के निपटान के लिए सोख्ता गड्ढों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है।
0 विभिन्न पंचायतों का सघन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ यशपाल सिंह सहित अधिकारियों की टीम ने कई गांवों का दौरा किया:
* ग्राम मोहनपुर: यहाँ कचरा छंटाई शेड, सामुदायिक शौचालय और वर्मी कंपोस्ट पिट का निरीक्षण कर समूह की महिलाओं से चर्चा की गई।
* ग्राम ढेलवाडीह: यहाँ स्थापित ‘प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट’ और कचरा छंटाई शेड का जायजा लिया गया।
* ग्राम अरदा: यहाँ निर्माणाधीन ‘फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट’ (FSTP) की प्रगति का अवलोकन किया गया।
0 स्वच्छाग्रहियों ने साझा किए अनुभव
छिरहुंट में सामुदायिक शौचालय के निरीक्षण के दौरान स्व-सहायता समूह की दीदियों ने अपनी कार्यप्रणाली साझा की। इस दौरान सरपंच श्रीमती प्रमिला कंवर, जिला समन्वयक विमल धिरहि, जिला सलाहकार दीप सरकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वच्छाग्रही उपस्थित थे।
0 इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान सरपंच जागेश्वर सिंह कंवर, अमृतलाल कंवर, सचिव श्रीराम केवट, महेंद्र राठौर, पवन गुप्ता, रोजगार सहायक मधु सोनवानी और समूहों की अध्यक्ष संतोषी यादव व प्रमिला महंत सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


