

TTN डेस्क
कोलकाता/मुंबई। भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में कड़वाहट चरम पर पहुंच गई है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा के विरोध के बीच बीसीसीआई ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया है। इसके जवाब में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी बड़ा फैसला लेते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से मना कर दिया है।
0 मुस्तफिजुर पर BCCI का चाबुक
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का आदेश दिया गया है। 3 जनवरी को लिए गए इस फैसले के पीछे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा के प्रति बढ़ता जन-आक्रोश बताया जा रहा है। गौरतलब है कि आईपीएल 2026 का आगाज 26 मार्च से होना है, जिसमें अब मुस्तफिजुर नजर नहीं आएंगे।
0 वर्ल्ड कप पर संकट के बादल
मुस्तफिजुर को बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेशी अखबार ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, BCB ने अब अपने वर्ल्ड कप मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग ICC के सामने रखी है। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने इस फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, बीसीसीआई और आईसीसी के लिए यह सिरदर्द बन गया है क्योंकि 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए टिकटें बुक हो चुकी हैं और शेड्यूल बदलना नामुमकिन सा लग रहा है।
0 कोलकाता और मुंबई को लगेगा झटका?
शेड्यूल के मुताबिक, बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के चारों मैच भारत में ही खेलने थे। इसमें से तीन महत्वपूर्ण मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होना है। यदि बांग्लादेश अपनी जिद पर अड़ा रहता है, तो इन शहरों के क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबलों से हाथ धोना पड़ सकता है।


