


00 शादी समारोह में मची अफरातफरी; सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को दबोचा, बाल-बाल बचे अब्दुल्ला और डिप्टी CM
TTN डेस्क
जम्मू | शहर के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर एक युवक ने जानलेवा हमले का प्रयास किया। हमलावर ने अब्दुल्ला के सिर के बिल्कुल करीब बंदूक तान दी थी, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। इस घटना के दौरान जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी उनके ठीक साथ मौजूद थे।
0 पीछे से आया हमलावर, ट्रिगर दबाने ही वाला था…
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी एक शादी समारोह से बाहर निकल रहे थे। इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर कमल सिंह जम्वाल नामक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर पीछे से उनके करीब पहुंच गया। उसने अचानक अपनी पिस्टल निकाली और फारूक अब्दुल्ला के सिर पर निशाना साधा। इससे पहले कि वह गोली चला पाता, सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने उसे हवा में ही दबोच लिया और जमीन पर पटक दिया।
0 सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए इसे ‘गंभीर सुरक्षा चूक’ करार दिया है। उन्होंने कहा, “एक पूर्व मुख्यमंत्री और जेड-प्लस (Z+) सुरक्षा प्राप्त नेता के इतने करीब हमलावर का पहुंच जाना प्रशासन और सुरक्षा तंत्र पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।”
0 CCTV फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने हमलावर कमल सिंह जम्वाल को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर अकेले था या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमले की कोशिश साफ देखी जा सकती है। फिलहाल, फारूक अब्दुल्ला पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच उनके निवास स्थान पर पहुंचा दिया गया है।


