देखिए वीडीओ…बालको में अयोध्या जैसा नजारा: सरयू तट की तर्ज पर छठघाट में हुई भव्य ‘महाआरती’, 5100 दीपों से हुई जगमग

TTN डेस्क

वीडीओ/फोटो सौजन्य : आलोक तिवारी,बालकोनगर

कोरबा/बालकोनगर। अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 14 जनवरी को बालको के श्रीराम मंदिर छठघाट पर सरयू अयोध्या महाआरती का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल बालको प्रखंड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने बालको वासियों को अयोध्या के दिव्य वातावरण का अनुभव करा दिया।

0 दिग्गजों की उपस्थिति और जनसैलाब

इस भव्य आयोजन में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला भाजपाध्यक्ष गोपाल मोदी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, हीतानंद अग्रवाल,अजय विश्वकर्मा, दिलेंद्र यादव और लोकेश चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपनी तरह के इस प्रथम गरिमामयी आयोजन में न केवल बालको क्षेत्र, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। भाजपा, विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई।मकर संक्रांति पर्व भी साथ ही होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष श्रद्धा और उत्साह भी देखा गया।

0 5100 दीपों के साथ हुआ दुग्धाभिषेक और महाआरती

शाम 4:00 बजे से शुरू हुए इस अनुष्ठान में सरयू तट की तर्ज पर दिव्य महाआरती की गई। आयोजन के मुख्य आकर्षणों ने सभी का मन मोह लिया:

* 5100 दीपों का प्रज्वलन: घाट पर एक साथ हजारों दीपों की लौ ने अंधेरे को चीरते हुए सुख-समृद्धि का संदेश दिया।
* रुद्राभिषेक और पुष्पांजलि: 51 यजमानों द्वारा सविधि रुद्राभिषेक संपन्न किया गया और 108 पुष्पांजलि अर्पित की गई।
* भक्तिमय प्रस्तुति: कार्यक्रम की शुरुआत भव्य हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसके बाद पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।
* आतिशबाजी: महाआरती के पश्चात भव्य आतिशबाजी ने आकाश को सतरंगी रोशनी से भर दिया।

0 कष्ट निवारण दीपदान
आयोजन में विशेष रूप से ‘कष्ट निवास दीपदान’ का विधान किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं और कष्टों के निवारण हेतु श्रद्धापूर्वक दीप अर्पित किए। आयोजकों ने बताया कि श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ को चिरस्थायी बनाने के लिए इस महाआरती का संकल्प लिया गया था, जिसे क्षेत्र की जनता ने अपार जनसमर्थन देकर सफल बनाया।