देखिए वीडीओ कोरबा ब्रेक …दो हादसे तीन मौत : रफ्तार का कहर, हाइवा ने मां-बेटी को रौंदा, मौके पर ही मौत,बगदेवा में ट्रेलर ने ग्रामीण को कुचला

00 सब्जी लेकर घर लौट रही थीं कोहड़िया निवासी मां-बेटी; हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने किया चक्काजाम

TTN डेस्क

कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार देर शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी सवार मां और बेटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।

0 बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोहड़िया निवासी मां राजकुंवर विश्वकर्मा और बेटी अंजली विश्वकर्मा रविवार शाम दर्री बाजार गई हुई थीं। वहां से सब्जी खरीदकर जब वे अपनी स्कूटी से घर वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हाइवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि स्कूटी सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

0 गुस्साई भीड़ ने सड़क पर लगाया जाम

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। हाइवा चालक की लापरवाही और क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित गति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। उत्तेजित भीड़ ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

0 पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझाइश दी और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार हाइवा चालक की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद से पूरे कोहड़िया और दर्री क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस प्रशासन अब यातायात बहाल करने और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।

0 एनएच-130 पर ट्रेलर ने ग्रामीण को कुचला

-दूसरी घटना पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे-130 पर बगदेवा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को कुचल दिया। इस हादसे में ग्राम करतली निवासी नीलमदास मानिकपुरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घंटों तक यात्री बसों एवं वाहनों में फंसे लोग परेशान होते रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन एवं तहसीलदार ने ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और वाहन मालिक से मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।