देखिए वीडीओ और तस्वीरें…कोरबा : नशेड़ी अपराधी का उत्पात: डेढ़ दर्जन कारों के शीशे तोड़े, पुलिस की कार्यवाही पर उठे गंभीर सवाल

00शारदाविहार और टीपी नगर में देर रात मचाया आतंक; आदतन अपराधी गिरफ्तार

TTN डेस्क

कोरबा । शहर के शारदा विहार क्षेत्र में स्थित वैभव होम्स हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के निवासियों में बीती रात हुए एक चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद दहशत और गुस्सा है। परिसर की नीचे पार्किंग में खड़ी डेढ़ दर्जन कारों के शीशे एक युवक ने बुरी तरह से तोड़ दिए, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुँचाया।

उत्पाती युवक ने इसके बाद टीपी नगर मुख्य मार्ग पर भी ऐसी ही हरकत दोहराई। उसकी सारी करतूतें सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई हैं।

0 पुलिस की सतर्कता और लापरवाही भी

कॉलोनीवासियों और उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस उत्पाती युवक को बीती रात ही पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसे छोड़ दिया गया। रिहा होते ही वह सुबह फिर से वैभव होम्स परिसर पहुँच गया। आज सुबह लोगों ने उसे परिसर में दोबारा देखकर पकड़ लिया और उसे सीएसईबी चौकी पुलिस के हवाले किया, जहाँ उससे पूछताछ की जा रही है।

0 आरोपी की पहचान और भय का माहौल

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि युवक मानिकपुर क्षेत्र का एक आदतन अपराधी है और नशे का आदी है। यह भी जानकारी मिली है कि वह कथित तौर पर एसईसीएल (SECL) में कार्यरत किसी निजी कंपनी का सिक्योरिटी गार्ड है। इस घटना से वैभव होम्स और आसपास के कॉलोनियों के निवासियों में गहरा भय व्याप्त है। घटना स्थल और पुलिस चौकी पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा, जहाँ उन्होंने पुलिस की ढीली कार्यवाही पर आक्रोश व्यक्त किया।

उठे गंभीर प्रश्न: नशे का कारोबार और पुलिस की जिम्मेदारी

यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है। पहला यह कि यदि अपराधी को बीती रात ही पुलिस ने पकड़ा था, तो उसे किन परिस्थितियों में छोड़ दिया गया ? दूसरा, इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार की ओर ध्यान खींचा है, जिसकी वजह से ऐसे आदतन अपराधी बेखौफ नशा करके घूम रहे हैं। लोगों ने पुलिस से इस कारोबार पर लगाम लगाने और अपराधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग की है।