डोनाल्ड ट्रंप के स्वास्थ्य पर नया विवाद: क्या उन्हें डिमेंशिया है ? मनोवैज्ञानिकों ने किया गंभीर बीमारी के असर का दावा

​TTN

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (79) की मानसिक और शारीरिक स्थिति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। जाने-माने मनोवैज्ञानिकों डॉ. हैरी सेगल और डॉ. जॉन गार्टनर ने हाल ही में दावा किया है कि ट्रंप में डिमेंशिया (मनोभ्रंश) के स्पष्ट लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

0 ​विशेषज्ञों की चिंता: फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया (FTD)

​डॉ. सेगल और डॉ. गार्टनर ने अपने कार्यक्रम ‘थिंकिंग ट्रंप’ में कहा कि ट्रंप की हालत बिगड़ती जा रही है और वह फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया (FTD) नामक बीमारी से पीड़ित हो सकते हैं। यह एक ऐसी बीमारी है जो मस्तिष्क के अगले और किनारे के हिस्सों को प्रभावित करती है, जिसका सीधा असर व्यक्ति के व्यवहार, भाषा और मोटर स्किल्स पर पड़ता है।

0 ​वीडियो में दिखा अजीब व्यवहार

​विशेषज्ञों ने ट्रंप के चाल-ढाल में आए बदलावों पर खास ध्यान दिया है। डॉ. गार्टनर ने बताया कि FTD का एक लक्षण ‘वाइड-बेस्ड गेट’ है, जिसमें चलते समय एक पैर अजीब तरह से हिलता है। हाल ही में अलास्का में व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई मुलाकात के एक वीडियो में ट्रंप लाल कालीन पर चलते हुए लड़खड़ाते नजर आए। डॉ. गार्टनर ने कहा, “उनका दाहिना पैर बाईं ओर जा रहा था, और वे खुद को संतुलित करने की कोशिश कर रहे थे।” उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल ऐसा लग रहा था जैसे कोई नशे में गाड़ी चलाने के टेस्ट में फेल हो गया हो। डॉ. सेगल ने भी इस बात को स्वीकार किया कि ट्रंप नशे में नहीं थे, लेकिन उनका अपने पैरों पर नियंत्रण नहीं था।

0 ​एफ.टी.डी. क्या है?

​फ्रंटोटेम्पोरल डिमेंशिया (FTD) एक दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल विकार है जो मस्तिष्क के उन हिस्सों को नुकसान पहुंचाता है जो व्यवहार, भावनाओं और भाषा को नियंत्रित करते हैं। इसके लक्षणों में व्यवहार में अप्रत्याशित बदलाव, सही-गलत का फैसला न कर पाना, अजीब चाल और संवाद में समस्याएँ शामिल हैं। ट्रंप के हाल के व्यवहार और चाल में देखे गए बदलाव इन लक्षणों से काफी हद तक मेल खाते हैं।

0 ​ट्रंप के दावे और विशेषज्ञों की राय

​इन दावों के बावजूद, डोनाल्ड ट्रंप अपनी मानसिक क्षमताओं की लगातार तारीफ करते रहते हैं। अप्रैल में हुई अपनी मेडिकल जांच के बाद उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने संज्ञानात्मक परीक्षण में सबसे अधिक अंक प्राप्त किए। हालांकि, डॉ. सेगल और डॉ. गार्टनर का कहना है कि यह एक बहुत ही सरल टेस्ट है और इसे पास करना कोई बड़ी बात नहीं है। उनका मानना है कि ट्रंप का हालिया व्यवहार और उनका लड़खड़ाता चलना उनकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति का संकेत दे रहा है।