कोरबा : ‘सार्वजनिक बार महोत्सव’ का कौशल्या साय और मंत्री देवांगन के आतिथ्य में हुआ भव्य आगाज


00 मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने ठाकुर देव की पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद

TTN डेस्क

कोरबा। ग्राम सलोरा (दर्राभाठा) में ग्रामवासियों द्वारा आयोजित पारंपरिक सार्वजनिक बार महोत्सव 2025-26 का शुभारंभ रविवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन के पहले दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

0 परंपराओं को संजोना गर्व की बात: श्रीमती कौशल्या साय

समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि आज के आधुनिक दौर में भी हमारा समाज अपनी पुरानी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को संजोए हुए है। उन्होंने कहा, “ठाकुर देव एवं डोकरी दाई की पूजा में शामिल होना मेरा सौभाग्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता को बल देते हैं।” उन्होंने सभी ग्रामीण जनों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

0 मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहा सबका विकास: मंत्री देवांगन

कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने ठाकुर देव और डोकरी दाई की महिमा का बखान करते हुए कहा कि इनकी असीम कृपा से ही क्षेत्र में खुशहाली बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार हर समाज के उत्थान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है ताकि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे।

0 इन विशिष्ट अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत पाली-तानाखार विधायक श्री तुलेश्वर मरकाम, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री हरिवंश मिरी, और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

0 ग्रामीणों में उत्साह का माहौल

इस अवसर पर दर्राभाठा और आस-पास के दूर-दराज के गांवों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, जिला महामंत्री श्री संजय शर्मा, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, श्रीमती सविता साय, सरपंच श्रीमती प्रमिला कंवर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।