कोरबा : ‘समाज और राष्ट्र निर्माण के संकल्प’ के साथ अभाविप छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का शुभारंभ

00 शैक्षणिक परिदृश्य और आगामी कार्ययोजना निर्धारण पर फोकस; प्रदेशभर से 110 कार्यकर्ता शामिल

TTN डेस्क

कोरबा/कटघोरा।12 अक्टूबर 2025,
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) छत्तीसगढ़ प्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक का आज कोरबा जिले के कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। 12 एवं 13 अक्टूबर को आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से आए जिला संयोजक, विभाग संयोजक एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सहित कुल 110 कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र की कार्ययोजना का निर्धारण करना और प्रदेश के शैक्षणिक एवं सामाजिक परिदृश्य पर गहन चर्चा करना है।
बैठक का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री चैटस सुखाड़िया, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित बघेल, प्रदेश मंत्री श्री यज्ञदत्त वर्मा एवं प्रदेश संगठन मंत्री श्री महेश साकेत द्वारा किया गया। अतिथियों ने सर्वप्रथम माता सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।

0 राष्ट्र निर्माण के संकल्प पर जोर

अपने उद्घाटन संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित बघेल ने परिषद के कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सफल सदस्यता अभियान के लिए सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “आने वाले समय में हमें यह सुनिश्चित करना है कि जो विद्यार्थी नियमित रूप से अपनी कक्षाओं में उपस्थित नहीं होते, वे कैसे नियमित रूप से कक्षाओं में आएं। हमें इस दिशा में काम करना होगा।” इसके अतिरिक्त, उन्होंने छात्रावासों में विद्यार्थियों की समस्याओं को जानने और उनके समाधान के लिए छात्रावास सर्वेक्षण अभियान चलाने तथा परिषद की गतिविधियों को प्रत्येक शिक्षण संस्थान में सकारात्मक वातावरण बनाकर जन-जन तक पहुंचाने को लक्ष्य बताया।

0 सफल आयोजनों एवं सदस्यता पर गर्व

प्रदेश मंत्री श्री यज्ञदत्त वर्मा ने अपने उद्बोधन में परिषद की हाल की सफलताओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि गीदम जैसे स्थानों पर भी मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, तथा पूरे प्रदेश में ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन हुआ। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि सत्र 2024-25 में पूरे प्रदेश में 1,91,086 सदस्यताएँ की गई हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

0 5G युग में आधुनिकता के साथ प्रगति की ओर अग्रसर

ABVP
क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री चैटस सुखड़िया ने इस बैठक के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “यह प्रदेश कार्यकारिणी बैठक छत्तीसगढ़ प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण बैठक है, जो हमारे प्रदेश के कार्य की दिशा और दशा तय करती है।” उन्होंने कहा कि “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रेडियो के जमाने में शुरू हुई थी, और आज 5G के युग में भी आधुनिकता को साथ लेकर निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष है, इसलिए इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को और अधिक उत्साह, समर्पण एवं संकल्प के साथ कार्य करना चाहिए।

इस दो दिवसीय बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा, वर्तमान शैक्षणिक एवं सामाजिक परिदृश्य, परिसर चलो अभियान, विश्वविद्यालय स्तर पर आंदोलन, प्रांत अधिवेशन की तैयारी, केंद्रीय प्रवास योजना, आगामी सत्र की कार्ययोजना एवं संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। दो दिवसीय बैठक का समापन सोमवार शाम को होगा।